कभी मायावती की मूर्ति तोडऩे वाले अमित जानी अब मनाएंगे उनका जन्मदिन
Updated On: 2016-01-12 19:10:11
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं। राजनीतिक हवा का रुख बदलते ही नेताओं के बयान भी बदलने लगे हैं। हाल ही पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद मिशन यूपी की सत्ता की ओर बढ़ रही बसपा के पक्ष में कई विरोधी रहे नेताओं के बयान आने भी शुरू हो गए हैं।
इसी कड़ी में प्रमुख नाम है यूपी नवनिर्माण सेना अध्यक्ष अमित जानी का। साल 2012 में बसपा अध्यक्ष मायावती की मूर्ति तोडऩे को लेकर विवादों में आए यूपी नवनिर्माण सेना अध्यक्ष अमित जानी अब मायावती का बर्थडे संघर्ष दिवस के रूप में मनाने की तैयारी कर रहे हैं।
अमित जानी ने मीडिया को बताया कि 15 जनवरी को मुजफ्फरनगर में एक भव्य कार्यक्रम में मायावती का बर्थडे मनाया जाएगा। इस दौरान 60 किलो का केक काटा जाएगा। वह बहन मायावती को कार्यक्रम में बुलाने के लिए लेटर भी लिखेंगे।
गौर हो कि साल 2012 के जुलाई महीने में अमित जानी सुर्खियों में आए थे। तब यूपी नवनिर्माण सेना संस्था के नाम से तीन युवकों ने अंबेडकर पार्क में स्थापित सफेद रंग की मायावती की मूर्ति को हथौड़ा मारकर तोड़ दिया था। मूर्ति तोडक़र भागने से पहले वहां पर यूपी नवनिर्माण सेना के पर्चे भी फेंके गए थे।
यह मामला इतना बढ़ गया था कि सरकार को रातों-रात मायावती की मूर्ति लगवानी पड़ी थी। यूपी में अब बदलते राजनीतिक हालात के बीच अब सेना अध्यक्ष अमित जानी का रुख बसपा की ओर हो चला है।
मीडिया से बातचीत में अमित जानी ने कहा कि सपा में जो परिवारवाद सैफई से चला था, अब पूरे प्रदेश में फैलाया जा रहा है। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती की तारीफ करते हुए कहा कि बहन जी सडक़ से संघर्ष करते हुए सत्ता तक पहुंची हैं। मायावती जैसा संघर्षशील नेता पैदा नहीं हुआ है।
No comments:
Post a Comment